जयपुर में लुटेरी दुल्हन गैंग का खुलासा, दो महिलाएं सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। बिंदायका थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैंग भोले-भाले लोगों को शादी का लालच देकर फंसाता था और बाद में उनके साथ ठगी कर फरार हो जाता था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

jaipur looteri dulhan gang busted three arrested


दलाल के जरिए तय होते थे रिश्ते


पुलिस के अनुसार गिरोह का संचालन एक तय तरीके से किया जाता था। पहले दलाल के माध्यम से शादी का प्रस्ताव रखा जाता था। जब सामने वाला व्यक्ति तैयार हो जाता, तब सौदा तय कर लिया जाता। इसके बाद गिरोह की महिला सदस्य खुद को दुल्हन बनाकर शादी रचाती थी।


शादी के बाद रातों-रात फरार हो जाती थी दुल्हन


जानकारी के अनुसार शादी होने के बाद महिला आरोपी कुछ समय तक दुल्हन बनकर घर में रहती थी। मौका मिलते ही वह घर में रखे नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी। इसके बाद गिरोह के सभी सदस्य आपस में रकम का बंटवारा कर लेते थे।


दो लाख से अधिक की ठगी का मामला


इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बिंदायका थाने में एक पीड़ित दूल्हे ने शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि आरोपियों ने शादी कराने के नाम पर उससे करीब 2.10 लाख रुपए लिए थे। जून 2025 में दिल्ली के एक मंदिर में उसकी शादी करवाई गई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद दुल्हन गहने और नकदी लेकर गायब हो गई।

शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले इस गिरोह को पकड़ना प्राथमिकता थी, अन्य जुड़े आरोपियों की तलाश जारी है। - डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण


कई राज्यों में दबिश के बाद गिरफ्तारी


पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की और अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की। दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और गुजरात सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई। लगातार प्रयासों के बाद गिरोह के तीनों सदस्यों को पकड़ लिया गया। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।



Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने